17 वर्षीय लड़की को पार्टी के बहाने बुलाकर ‘दुष्कर्म’, चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

राष्ट्रीय
Spread the love

ठाणे: 12 नवंबर (ए) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 17 वर्षीय लड़की को एक महिला मित्र ने पार्टी में शामिल होने के बहाने बुलाया, जिसके बाद दो पुरुषों ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने 16-17 नवंबर की दरम्यानी रात हुई इस कथित घटना के संबंध में लड़की की दोस्त समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि लड़की ने अपनी शिकायत में कहा कि उसकी 25 वर्षीय दोस्त ने उसे मीरा रोड इलाके में एक पार्टी में शामिल होने के लिए कहा था।

उन्होंने कहा कि लड़की ने पुलिस को बताया कि वहां मौजूद दो युवकों ने दुष्कर्म करने से पहले उसे कथित तौर पर जबरन शराब पिलाई।

लड़की ने यह आरोप भी लगाया कि आरोपी उसकी “पांच ग्राम की सोने की चेन” भी ले गए।

काशीगांव थाने के वरिष्ठ निरीक्षक राहुलकुमार पाटिल ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब लड़की के पूरी रात घर नहीं लौटने पर उसके परिवार ने तलाश शुरू की।

अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए हैं और उनका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।