हिंगोली: 21 नवंबर (ए) महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के पांगरा शिंदे एवं आसपास के इलाकों में शुक्रवार और शनिवार को 12 घंटे के भीतर भूकंप के दो हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पहला झटका शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे महसूस किया गया, जबकि दूसरा झटका शनिवार तड़के करीब 2.30 बजे आया। हालांकि, किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि झटकों से पहले ग्रामीणों ने जमीन के नीचे से गड़गड़ाहट की आवाज भी सुनी थी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को इन बातों की जानकारी है, लेकिन ताजा घटनाओं को अभी तक आधिकारिक तौर पर दर्ज नहीं किया गया है।
वर्ष 2019 से पांगरा शिंदे गांव और आसपास के इलाकों में समय-समय पर भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गई हैं। पिछली कुछ घटनाओं के दौरान, घरों में सामान गिर गए और मकानों में दरारें आ गईं।
