बच्चे को मोटरसाइकिल से टक्कर लगने के बाद 20 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या

बिहार मुजफ्फरपुर
Spread the love

मुजफ्फरपुर (बिहार): 18 अक्टूबर (ए) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मोटरसाइकिल से एक बच्चे को टक्कर लगने के बाद करीब 15 लोगों ने एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद भीड़ ने एक दलित बस्ती में उत्पात मचाया और नौ मकानों में आग लगा दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, शनिवार शाम चैनपुर चौक के पास एक बच्चे को मोटरसाइकिल से टक्कर लगने के बाद मोहम्मदपुर खाजे गांव निवासी नवनीत कुमार (20) की लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर पिटाई की। अधिकारी ने बताया कि पास के एक अस्पताल में चिकित्सकों ने नवनीत को मृत घोषित कर दिया। मुजफ्फरपुर (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि नवनीत के परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसे लाठियों से पीटा और बेल्ट से गला घोंट दिया।

उन्होंने कहा कि युवक की मौत के बाद भीड़ ने दलित समुदाय के नौ मकानों में आग लगा दी, जिससे गांव में तनाव फैल गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति पर काबू पा लिया गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ”शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और हत्या तथा आगजनी की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।”