मोदी, शाह और सीईसी ज्ञानेश कुमार को ‘वोट चोरी’ का खामियाजा भुगतना पड़ेगा: राहुल गांधी

राष्ट्रीय
Spread the love

मडगांव (गोवा): 18 अक्टूबर (ए) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर्दे के पीछे से ‘वोट चोरी’ की योजना बनाते हैं, गृह मंत्री अमित शाह इसे अमलीजामा पहनाते हैं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार इसे अंजाम देते हैं।

गांधी ने दावा किया कि मोदी, शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त की ‘‘रातों की नींद उड़ी हुई है’’। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जायेगा और ‘वोट चोरी’ का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।उन्होंने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “पूरा देश जानता है कि सीईसी ज्ञानेश कुमार ‘वोट चोरी’ को अंजाम देते हैं और अमित शाह तथा प्रधानमंत्री मोदी उनका समर्थन करते हैं।’’ गांधी ने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षक है। उन्होंने कहा कि मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार जानते हैं कि वे हमसे बचकर नहीं निकल सकते।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को न्याय के कटघरे में लाया जायेगा और उन्होंने जो कुछ किया है, उसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।’’ गांधी ने कहा कि पहले भारत की शिक्षा व्यवस्था विश्वस्तरीय हुआ करती थी, लेकिन अब प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पैलेट गन का इस्तेमाल किया जा रहा है।