रांची,03 फरवरी (ए)। झारखंड के जमशेदपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने समाज को शर्मसार कर रख दिया है। पिकनिक मनाने गई एक लड़की के साथ 22 लड़कों ने मिलकर गैंगरेप किया। पीड़िता ने पुलिस थाने में इस घटना के संबंध में शिकायत की है, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। यह वारदात झारखंड के जमशेदपुर की है, जहां परसुडीह थाना इलाके में पिकनिक मनाने गई एक लड़की के साथ गैंगरेप की घटना हुई। पीड़िता की ओर से थाने में शिकायत दर्ज की गई है। इस मामले में पीड़िता ने चांदनीचौक एरिया के रहने वाले 22 लड़कों के ऊपर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को बताया कि वह पिकनिक मनाने गई थी। उसके साथ लगभग 100 लोग और भी गए थे। उन्हीं में से कुछ लोगों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
थाने में मामला दर्ज होने के बाद जमशेदपुर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हुई है। इलाके के एसपी और डीएसपी खुद इस मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। थानेदार के मुताबिक जिन 22 लोगों पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया गया है, उनमें से 17 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए एमजीएम हॉस्पिटल में भेजा गया है।
