आप ने पंजाब से राज्यसभा उपचुनाव के लिए उद्योगपति राजिंदर गुप्ता को चुनाव में उतारा

राष्ट्रीय
Spread the love

चंडीगढ़: पांच अक्टूबर (ए)) पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को उद्योगपति राजिंदर गुप्ता को राज्य में 24 अक्टूबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया।

यह निर्णय आप की राजनीतिक मामलों की समिति ने लिया।

आम आदमी पार्टी ने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर जानकारी दी कि पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने राज्यसभा चुनाव के लिए राजिंदर गुप्ता के नाम की घोषणा की। पंजाब में ‘आप’ विधायकों ने राजिंदर गुप्ता के नाम पर सहमति व्यक्त की थी।

राजिंदर गुप्ता एक प्रमुख पंजाबी उद्योगपति हैं। वे लंबे समय से पंजाब के व्यापार और आर्थिक मामलों में एक प्रमुख व्यक्ति रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को दो प्रमुख सरकारी पदों (राज्य आर्थिक नीति और योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष व श्री काली देवी सलाहकार समिति के अध्यक्ष पद) से इस्तीफा दे दिया, ताकि उनके संभावित नामांकन का रास्ता साफ हो सके।