ट्रक-कार की टक्कर में सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

भुज (गुजरात): 22 नवंबर (ए) गुजरात के कच्छ जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की एक कार से टक्कर हो गई, जिससे सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई।

पुलिस ने रविवार को बताया कि मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।

कच्छ पश्चिम पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे यह हादसा उस समय हुआ, जब परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद भुज लौट रहा था।

उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महीने की एक बच्ची भी शामिल है। दुर्घटना के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को निकालने में कई घंटे लग गए।

अधिकारी ने बताया कि सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे। वे भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार के सदस्य थे।

अधिकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी बेटी रक्षिता (सात), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।