लापुंग: सात दिसंबर (ए) गोवा के एक नाइट क्लब में आग लगने की घटना में मरने वाले लोगों में झारखंड के तीन प्रवासी श्रमिक भी शामिल हैं। उनके परिजनों ने रविवार को यह जानकारी दी।
मृतकों के परिजनों ने ‘
बताया कि लापुंग प्रखंड के फतेहपुर गांव के दो भाइयों प्रदीप (24) और विनोद महतो (20) तथा खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर गांव के मोहती मंडा (22) की इस घटना में मौत हो गई।
प्रदीप और विनोद के बड़े भाई फागू महतो ने बताया कि उन्हें गोवा में अपने एक रिश्तेदार के फोन करने के बाद सुबह लगभग 3 बजे मौत की जानकारी मिली। फागू ने कहा कि मैंने अपने दोनों भाइयों प्रदीप और विनोद को खो दिया। हमें इस बारे में तब पता चला जब हमारे एक रिश्तेदार निशान कुमार का फोन आया।
दो बेटों की मौत से मेरे पिता धनेश्वर महतो सदमे में हैं। फागू ने बताया कि दोनों भाई लगभग 10-12 महीने पहले गोवा चले गए थे। वे अगले साल परिवार के साथ होली मनाने वाले थे। उन्होंने कहा कि मेरे भाई यहां परिवार की मदद के लिए हर महीने लगभग 30000 रुपए भेजते थे।
दोनों अविवाहित थे।
फागू ने दावा किया कि अभी तक किसी भी अधिकारी या राज्य सरकार के प्रतिनिधि ने परिवार से संपर्क नहीं किया है। उनकी पत्नी सुलांती ने कहा कि परिवार बहुत गरीब है। वे गांव में एक अस्थायी मिठाई की दुकान से होने वाली मामूली आय और भाइयों द्वारा भेजे गए पैसों पर निर्भर थे।