कीव,31 अक्टूबर (ए)। रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन की वायु रक्षा को मजबूत करने के लिए अमेरिका ने 500 पैट्रियट पीएसी-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों की संभावित बिक्री को मंजूरी दे दी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी फैसले का स्वागत करते हुए इसे मजबूत कदम बताया है। हालांकि, उन्होंने अमेरिका से इन मिसाइलों की आपूर्ति जल्द शुरू करने की मांग की है, ताकि सर्दियों के दौरान रूसी हमलों से देश के ऊर्जा ढांचे और आम नागरिकों की सुरक्षा की जा सके।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि 500 पीएसी-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों की मंजूरी यूक्रेन के लिए महत्वपूर्ण है। लेकिन मौजूदा शर्तों के अनुसार इनकी आपूर्ति शुरू होने में कई साल लग सकते हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को इन मिसाइलों की जरूरत भविष्य में नहीं, बल्कि मौजूदा खतरे से निपटने के लिए तुरंत है।
