चंडीगढ़: नौ फरवरी (ए)
) पंजाब के तरनतारन जिले में सोमवार को विधि संकाय के एक छात्र ने कक्षा के अंदर एक छात्रा के सिर में कथित तौर पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और बाद में खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई पिस्तौल अवैध प्रतीत होती है। पुलिस बताया कि आरोपी प्रिंस राज (20) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज किया जा रहा है, जबकि संदीप कौर (19) की मौके पर ही मौत हो गई।
हमलावर प्रिंस राज और संदीप कौर दोनों ही कानून के प्रथम वर्ष के छात्र और सहपाठी थे। उनकी उम्र लगभग 19-20 वर्ष के आसपास बतायी जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक जगबीर सिंह ने बताया कि प्रिंस ने कक्षा के अंदर संदीप कौर पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौत हो गई और उसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस ने बताया कि उस्मा गांव स्थित कॉलेज में हुई हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब यह घटना घटी उस वक्त कक्षा में पढ़ाई शुरू नहीं हुई थी।
उन्होंने बताया कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि प्रिंस को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में प्रिंस, संदीप और एक अन्य छात्रा कक्षा में एक साथ दिखाई दिए। कक्षा में कुछ अन्य छात्र भी मौजूद थे।
अचानक प्रिंस अपने डेस्क से खड़ा हो गया और संदीप को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी सिर में गोली मार ली और जमीन पर गिर पड़ा।
संदीप कौर के साथ बैठी छात्रा इस घटना को देखकर स्तब्ध रह गयी। वह उठी और संदीप की ओर देखा, जो अचेत पड़ी थी।
गोली चलने की आवाज सुनकर कुछ छात्र कक्षा में प्रवेश करते हुए देखे गए, लेकिन संदीप को देखकर वे भाग गए।
संदीप की मां हरजिंदर कौर ने बताया कि उन्हें स्कूल प्राधिकारियों का फोन आया था और उन्हें तुरंत कॉलेज पहुंचने के लिए कहा गया था।
हरजिंदर ने पत्रकारों को बताया, ‘‘मुझे यह नहीं बताया गया था कि उसे (संदीप को) गोली लगी है।’’ उन्होंने बताया कि जब वह कॉलेज पहुंची तो उन्होंने अपनी बेटी को अचेत अवस्था में पाया।
उन्होंने पूछा कि कोई छात्र हथियार लेकर कॉलेज में कैसे घुस सकता है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
प्रिंस मलियां गांव का रहने वाला है, जबकि संदीप नौशेहरा पन्नुआं गांव की निवासी थी।