सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाएं : नवदीप रिणवा

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 14 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ‘विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027’ के दौरान सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना सुनिश्चित करने के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाया जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए तैयारियों की समीक्षा करते हुए रिणवा ने बताया कि 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को सभी 1,73,730 मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बूथ स्तीय अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक वहां मौजूद रहेंगे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, रिणवा ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत प्रदेश की निर्वाचक नामावलियों को त्रुटिरहित, शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से 17 से 20 नवंबर, 2026 तक बीएलओ द्वारा ‘टेबल टॉप एक्सरसाइज’ आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान प्रत्येक बीएलओ अपने आवंटित मतदेय स्थल की मतदाता सूचियों का सूक्ष्म एवं गहन परीक्षण करेंगे और सभी त्रुटियों को दूर करेंगे।

रिणवा ने कहा कि जो नागरिक एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष के हो रहे हैं, वे मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा, जो लोग एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष के होंगे, उनके अग्रिम आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।

रिणवा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मतदाता सूची से छूटे हुए पात्र नागरिकों की पहचान करें और ‘फॉर्म-6’ के माध्यम से उनका नाम सूची में शामिल करवाएं।

उन्होंने कहा कि इस अभियान में राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को भी शामिल किया जाना चाहिए।

रिणवा ने कहा कि 17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची का मसौदा, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाना चाहिए और आम जनता की जानकारी के लिए उसे जिला चुनाव वेबसाइट पर अपलोड किया जाना चाहिए।

उन्‍होंने बताया कि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगी।