यादगिर: 26 फरवरी (ए)
) कर्नाटक के यादगिर में एक वीडियो के वायरल होने के बाद एक स्वयंभू बाबा के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस वीडियो में स्वयंभू बाबा को सात वर्षीय बच्ची को कथित तौर पर गलत तरीके से छूते हुए दिखाया गया है जिससे लोगों में अक्रोश फैल गया।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। बाबा की यह हरकत कैमरे में कैद होने और सवाल खड़े होने के बाद राज्य बाल सरंक्षण आयोग ने संज्ञान लिया। आयोग के संज्ञान लेने के बाद स्वयंभू बाबा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मल्लिकार्जुन मुत्तवा स्वघोषित बाबा शाहपुर की एक दरगाह से जुड़ा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि जिस समय यह सब हो रहा था, उस दौरान नाबालिग के माता-पिता अपने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। उन्हें इस व्यवहार में कुछ भी आपत्तिजनक नजर नहीं आया।मामला सामने आने के बाद कर्नाटक की राजनीति में हलचल मच गई। राज्य बाल संरक्षण आयोग के कड़े निर्देश के बाद जिला बाल सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने आश्रम का दौरा किया। टीम ने बच्ची और उसके माता-पिता से बातचीत की। इस दौरान उनके बयान भी दर्ज किए। बच्ची के माता पिता महाराष्ट्र के सोलापुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने कहा कि बाबा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए यादगीर के पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। केस दर्ज होने के बाद से कथित बाबा फरार बताया जा रहा है।