तिरुवनंतपुरम: 12 मार्च (ए
) पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई मोनालिसा भोसले ने बृहस्पतिवार को कहा कि यहां एक मुस्लिम व्यक्ति के साथ उसकी शादी उसकी पसंद से तथा हिंदू रीति-रिवाजों से हुई है।
उन्होंने इस आरोप का खंडन किया कि यह ‘लव-जिहाद’ का मामला है। मध्यप्रदेश की रहने वाली मोनालिसा भोसले ने कहा कि न तो उन्होंने और न ही उनके पति ने अपना धर्म बदला है। उन्होंने कहा, ’’ वह (मेरे पति) मुझसे शादी नहीं करना चाहते थे, लेकिन मैंने उन्हें बाध्य किया। हमने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की।’’ दंपति ने यह भी कहा कि यह ’लव-जिहाद का मामला नहीं है’ जैसा कि मीडिया के एक वर्ग ने कथित तौर पर पेश किया है, क्योंकि कलाकार होने के नाते उनके लिए सभी धर्म समान हैं। उन्होंने कहा, ’’हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और हमने धर्म परिवर्तन नहीं किया है।’’
लव जिहाद’ शब्द का इस्तेमाल दक्षिणपंथी संगठन यह आरोप लगाने के लिए करते हैं कि मुस्लिम पुरुष हिंदू महिलाओं को प्रेम संबंधों और विवाह के जाल में फंसाकर उन्हें इस्लाम में परिवर्तित करने की साजिश रच रहे हैं।
मोनालिसा भोसले के पति उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पति ने भी कहा कि प्रेम में होने पर किसी दूसरे धर्म में परिवर्तित होने की कोई आवश्यकता नहीं होती।
उन्होंने अपने फोन पर मोनालिसा भोसले के आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र की प्रति भी दिखाई, जिससे यह साबित हो सके कि उनका जन्मदिन एक जनवरी, 2008 को था और अब वह बालिग हो चुकी हैं।
उन्होंने उनके विवाह प्रमाण पत्र की प्रतियां भी दिखाईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की क्योंकि वह भोसले से प्यार करते हैं और उन्हें खुश रखना चाहते थे।
चार बच्चों में सबसे बड़ी मोनालिसा भोसले ने बताया कि उनके माता-पिता चाहते थे कि उनकी शादी उनकी बुआ के बेटे से हो, लेकिन उन्होंने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा, “वह मेरे लिए भाई समान है। मैं उससे शादी कैसे कर सकती हूं?”
उन्होंने कहा कि उनके पिता केरल में हैं, लेकिन उनसे नाराज होने के कारण वह उनकी शादी में शामिल नहीं हुए। मोनालिसा भोसले के पति ने कहा, ’’हम समय आने पर उन्हें मना लेंगे।”मोनालिसा भोसले ने कहा कि घर में उनकी छोटी बहन एवं दो छोटे भाई हैं । जब पत्रकारों ने मोनालिसा भोसले के पति से उनके करियर के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वह फिल्म के काम के सिलसिले में अक्सर केरल और चेन्नई आते-जाते रहते हैं तथा उन्होंने कुछ तमिल फिल्मों में काम किया है।उन्होंने कहा, ’’ पिछले डेढ़ साल से मैं तिरुवनंतपुरम में रह रहा हूं।’’ दंपति ने शादी कराने में मदद के लिए केरल सरकार और पुलिस का आभार व्यक्त किया एवं कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें सभी से इतना समर्थन मिलेगा।
इससे पहले भोसले और उनके पति ने पत्रकारों से कहा कि वह 18 साल से अधिक उम्र की हैं। मोनालिसा भोसले के पति ने कहा, ’’वह 18 वर्ष से अधिक की हैं। वरना हमारी शादी का पंजीकरण कैसे संभव होता। उनके नाबालिग होने संबंधित सभी खबरें फर्जी और गलत हैं। कृपया उन पर विश्वास न करें।’’
दंपति से यह पूछने पर कि क्या वे केरल में ही रहने का इरादा रखते हैं तो पति ने कहा कि यह उनकी पत्नी की इच्छा पर निर्भर करता है। मोनालिसा ने कहा कि उन्हें केरल पसंद है और वह यहीं रहना चाहती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि उनकी एक फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है जबकि दूसरी फिल्म पर काम चल रहा है। मोनालिसा भोसले के पति ने कहा कि वे दोनों छह महीने पहले एक फिल्म में कलाकारों की चयन प्रक्रिया के दौरान मिले थे और उसी दौरान उन्हें प्यार हो गया था।
इस जोड़े ने बुधवार को पूवार के अरुमन्नूर स्थित नैनार मंदिर में विवाह किया। इस अवसर पर केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव एम. वी. गोविंदन, सांसद ए. ए. रहीम तथा पार्टी के अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।