शुभेंदु अधिकारी होंगे प. बंगाल के नये मुख्यमंत्री, बोले-घोषणापत्र में किये गये सभी वादों को पूरा करेंगे

राष्ट्रीय
Spread the love

कोलकाता: आठ मई (ए)) पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किए गए शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में नई भाजपा सरकार पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी और लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करेगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि बंगाल में डर का माहौल खत्म हो गया है और राज्य अब “भरोसे” के दौर की ओर बढ़ेगा।पार्टी विधायकों और समर्थकों की ज़ोरदार तालियों के बीच अधिकारी ने कहा, “भय अब खत्म हो गया है और जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा है, भरोसा आ गया है।” इससे पहले आज दिन में अधिकारी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया, जिससे उनके पश्चिम बंगाल के भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया।