नई दिल्ली,13 जून ए।भारतीय वायु सेना की तरफ से बताया गया है कि असम के जोरहाट में शनिवार को एएन-32 विमान दुर्घटना में पांच जवानों की मौत हो गई हैं। वायुसेना की तरफ से जवानों के बलिदान पर गहरा दुख जताया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को असम के जोरहाट में रूस में बने AN-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के क्रैश होने से भारतीय वायु सेना के पांच कर्मियों की मौत हो गई
जबकि सह-पायलट को जीवित बचा लिया गया और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए हैं।
भारतीय वायुसेना के अनुसार, विमान शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक नियमित (रूटीन) उड़ान पर था। जोरहाट एयरबेस पर उतरते समय विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे के बाद विमान में आग लग गई और एयरबेस पर तत्काल बचाव एवं अग्निशमन अभियान शुरू किया गया।
वायुसेना का कहना है कि स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया।