ब्रातिस्लावा, 15 जून (ए)
) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में स्लोवाकिया पहुंचे जहां वह राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से वार्ता करेंगे तथा कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
मोदी, 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद वहां जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
रविवार रात स्लोवाकिया पहुंचने के बाद मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘यह यात्रा भारत-स्लोवाकिया संबंधों को और गहरा करने तथा सहयोग के नए रास्ते तलाशने का अवसर देती है। राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री फिको के साथ सार्थक बैठकों का इंतजार है।’’
प्रधानमंत्री फ्रांस के नीस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद ब्रातिस्लावा पहुंचे, जहां वह 14 से 16 जून तक रहेंगे। उन्होंने फ्रांस में ‘इंडिया इनोवेट्स’ कार्यक्रम के उद्घाटन में भी भाग लिया।
विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘होटल पहुंचने पर विदेश एवं यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने स्लोवाक परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया।’’
यात्रा से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने एक बयान में कहा, ‘‘यह ऐतिहासिक यात्रा हमारे द्विपक्षीय संबंधों की मजबूत गति को आगे बढ़ाएगी। मैं राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री फिको के साथ बातचीत के लिए उत्सुक हूं। स्लोवाकिया के कारोबारी नेताओं से भी मिलने का अवसर मिलेगा।’’
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह यात्रा यूरोपीय संघ के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को और ऊर्जा देगी, जिसका स्लोवाकिया एक महत्वपूर्ण और मूल्यवान सदस्य है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अप्रैल 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्लोवाकिया यात्रा और फरवरी 2026 में स्लोवाक राष्ट्रपति पेलेग्रिनी की ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के लिए भारत यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा हो रही है।
वहीं पेलेग्रिनी ने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, हम सोमवार को ब्रातिस्लावा में आपका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। आपकी यह ऐतिहासिक यात्रा नयी दिल्ली में हुई हमारी बातचीत को आगे बढ़ाएगी और स्लोवाकिया-भारत सहयोग के नए द्वार खोलेगी।’’
मोदी 16-17 जून को होने वाले ‘जी7’ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस लौटेंगे।
शिखर सम्मेलन में मोदी के ‘जी7’ नेताओं और आमंत्रित साझेदार देशों के प्रतिनिधियों के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग, आर्थिक विकास और कृत्रिम मेधा जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करने की उम्मीद है। इसके अलावा वह कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
यात्रा के अंतिम चरण में वह 18 जून को पेरिस जाएंगे, जहां राष्ट्रपति मैक्रों के साथ यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप आयोजन ‘विवाटेक 2026’ में शामिल होंगे।