जयपुर: 23 जून (ए)
) राजस्थान के बीकानेर जिले में 13 वर्षीय एक लड़की से दुष्कर्म और उसे जान से मारने की धमकी देने के आरोप में उसके पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।पीड़िता की मां द्वारा खाजूवाला थाने में दर्ज करवाई गई लिखित रिपोर्ट के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 20 जून की बताई जा रही है. घटना के वक्त पीड़िता की मां मजदूरी के लिए घर से बाहर गई हुई थी. इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर गांव का ही रहने वाला एक अधेड़ उम्र का पड़ोसी जबरन घर में घुस आया. आरोप है कि उसने मासूम बालिका को डरा-धमका कर बंधक बना लिया. रिपोर्ट में यह भी संगीन आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने बालिका के हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया.वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बालिका को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. उसने मासूम से कहा कि यदि इस घटना के बारे में उसने किसी को भी बताया, तो अंजाम बहुत बुरा होगा. आरोपी की इस खौफनाक धमकी के कारण बालिका बुरी तरह सहम गई. वह डर के मारे चुप रही और गुमसुम रहने लगी. बालिका के व्यवहार में आए इस अचानक बदलाव को देखकर परिजनों को चिंता हुई. जब परिजनों ने बार-बार उससे प्यार से पूछताछ की, तो पीड़िता का सब्र का बांध टूट गया और उसने अपने साथ हुई पूरी आपबीती और दरिंदगी की जानकारी परिजनों को दी.घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता की मां तुरंत खाजूवाला थाने पहुँची और आरोपी पड़ोसी के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया. खाजूवाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल मुआयना भी करवा लिया है. फरार आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी गहन जांच खाजूवाला सीओ (वृत्ताधिकारी) आकांक्षा चौधरी द्वारा की जा रही है.