एअर इंडिया का विमान पाकिस्तानी वायुक्षेत्र में दाखिल हुआ; एटीसी, चालक दल पर कार्रवाई

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 24 जून (ए)) एअर इंडिया का एक विमान सोमवार रात राष्ट्रीय राजधानी से उड़ान भरने के बाद अमृतसर हवाई अड्डे पर ‘गो-अराउंड’ (उतरने से पहले आसमान में चक्कर लगाने का निर्देश) की प्रक्रिया के दौरान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में दाखिल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बुधवार को कहा कि अमृतसर में वायु यातायात निंयत्रक और विमानन कंपनी के उक्त विमान को संचालित कर रहे चालक दल के सदस्यों के खिलाफ अंतरिम कार्रवाई की गई है, क्योंकि उन्होंने घटना की जानकारी नहीं दी।सूत्रों के अनुसार, उन्हें तैनाती से हटा दिया गया है। डीजीसीए ने कहा कि इस घटना के बारे में पाकिस्तान एटीसी प्राधिकरण से बातचीत की गई। आखिर में विमान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया और वह सुरक्षित दिल्ली में उतर गया।पाकिस्तान ने अप्रैल 2019 से भारतीय एयरलाइंस के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर रखा है।वहीं, एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि 22 जून को उड़ान संख्या एआई-479 दिल्ली से अमृतसर पहुंची थी और उतरने से पहले आस-पास के क्षेत्र में चक्कर लगाने की प्रक्रिया ‘गो-अराउंड’ के दौरान विमान सोमवार रात आठ बजे के करीब कुछ देर के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया था। हालांकि, इसका एहसास होते ही विमान तुरंत भारतीय सीमा में लौट आया। एयरलाइन ने कहा कि इस घटना की जानकारी संबंधित नियामक एजेंसियों को दे दी गई है और आंतरिक जांच भी की जा रही है। हालांकि, एयरलाइन ने यह नहीं बताया कि हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किस कारण से हुआ।