चंपत राय ने कहा कि अयोध्या में उनकी सेवा पूरी हुई, ‘कलंक’ के साथ नहीं रहेंगे: सूत्र

अयोध्या उत्तर प्रदेश
Spread the love

अयोध्या (उप्र): दो जुलाई (ए) श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी चंपत राय ने अपने कुछ करीबी सहयोगियों से कहा है कि उनकी “अयोध्या में सेवा पूरी हो गई है” और वह कथित राम मंदिर दान गबन विवाद से जुड़े “कलंक” के साथ नहीं रहेंगे। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने ‘समाचार एजेंसी से कहा कि फिलहाल एकांतवास में रह रहे राय ने यह भी कहा कि उनके साथ ‘विश्वासघात’ हुआ है। हालांकि यह साफ नहीं हुआ कि उनका इशारा किसकी ओर था। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब राम मंदिर के दान में कथित गबन को लेकर विवाद गहराया हुआ है। मामले में ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग भी उठ रही है और इस संबंध में अधिवक्ताओं के एक वर्ग ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है।

सूत्रों का कहना है कि चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा, जिन्होंने भी अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की है, उनके भविष्य पर 6 जुलाई को अयोध्या में होने वाली श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में फैसला हो सकता है। बताया जा रहा है कि बैठक में दो-तिहाई बहुमत के आधार पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।

बैठक में ट्रस्ट के प्रशासनिक और प्रबंधन संबंधी मुद्दों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की सिफारिशों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इस बैठक के निर्णय से ट्रस्ट की आगे की कार्यप्रणाली और विवाद के समाधान की दिशा तय हो सकती है।