इस्लामाबाद: दो जुलाई (ए) पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को कहा कि कतर एवं पाक के मध्यस्थों ने दोहा में अमेरिका एवं ईरान के वार्ताकारों के साथ अलग-अलग बैठकें और इनमें समझौता ज्ञापन के विभिन्न पहलुओं पर ‘सकारात्मक प्रगति’’हुई । पाकिस्तान ने कहा कि इस मामले में दोनों पक्ष आगे भी बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए।
अमेरिका और ईरान ने 18 जून को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे, जिसका उद्देश्य पश्चिम एशिया में शांति बहाल करना है। इसके बाद 21 जून को स्विट्जरलैंड में तकनीकी स्तर की वार्ता हुई, जिसमें पाकिस्तान और कतर ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा, ‘‘कतर और पाकिस्तान के मध्यस्थों ने आज दोहा में अमेरिका और ईरान के वार्ताकारों के साथ अलग-अलग बैठकें संपन्न कीं। लेक ल्यूसर्न शिखर सम्मेलन के आधार पर आगे बढ़ते हुए इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन के विभिन्न पहलुओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति हुई है।’’
हालांकि अगली बैठक की तारीख की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन यह तय हुआ कि ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद वार्ता का अगला दौर आयोजित किया जाएगा।
विदेश कार्यालय ने कहा, ‘‘सभी पक्ष आने वाले समय में बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं। अगली बैठक की तारीख ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यथाशीघ्र तय की जाएगी।’’
तीन दशकों तक ईरान का नेतृत्व करने वाले खामेनेई 28 फरवरी को तेहरान पर अमेरिका और इजराइल के व्यापक हवाई हमलों के पहले दिन ही मारे गए थे।
उनके अंतिम संस्कार की रस्में पांच से सात जुलाई के बीच तेहरान में और क़ोम में आयोजित की जाएंगी, जबकि अंतिम रुप से खामेनेई को नौ जुलाई को मशहद शहर में दफनाया जायेगा।
कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी कुछ घंटे पहले यही बयान जारी किया।
गौरतलब है कि पाकिस्तान और कतर, अमेरिका तथा ईरान के बीच जारी तनाव, तीखी बयानबाजी और एक-दूसरे पर हमलों के बीच दोनों देशों के बीच वार्ता कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं।
कतर ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बातचीत करने वालों के बीच अलग-अलग बैठकों से 14-सूत्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) से जुड़े मुद्दों पर “सकारात्मक प्रगति” हुई है और दोनों पक्ष आने वाले दिनों में बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं। यह ताज़ा बातचीत पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच हो रही है, जहाँ ईरान, अमेरिका और इज़राइल से जुड़ी हालिया सैन्य गतिविधियों के बाद कूटनीतिक बातचीत का महत्व फिर से बढ़ गया है।
कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि बातचीत कतर और पाकिस्तान ने मिलकर कराई, जिसमें दोनों देशों ने वाशिंगटन और तेहरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई। कतर के प्रधानमंत्री के सलाहकार और विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी ने X पर जानकारी दी कि यह बातचीत लेक ल्यूसर्न शिखर सम्मेलन के दौरान बनी समझ पर आधारित थी।
अल-अंसारी ने कहा, “कतर और पाकिस्तान के मध्यस्थों ने आज दोहा में अमेरिका और ईरान के बातचीत करने वालों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इनमें लेक ल्यूसर्न शिखर सम्मेलन के नतीजों को आगे बढ़ाते हुए इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति हुई। पक्ष आने वाले समय में बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए और अगली बैठक ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के अंतिम संस्कार के बाद जल्द से जल्द तय की जाएगी।” कतर के अधिकारी के अनुसार, बातचीत का अगला दौर ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के अंतिम संस्कार के बाद होगा।