लखनऊ में तीन दिवसीय ‘आम महोत्सव’ शुक्रवार से, 800 से ज्यादा किस्में प्रदर्शित की जाएंगी

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: दो जुलाई (ए) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तीन दिवसीय ‘आम महोत्सव’ आगामी शुक्रवार से शुरू होगा, जिसमें ‘फलों के राजा’ की 800 से ज्यादा किस्में प्रदर्शित की जाएंगी। महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

बागवानी, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार और कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में तीन से पांच जुलाई तक आम महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें सात श्रेणियों और 56 वर्गों में आम की 800 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026’ का उद्घाटन करेंगे।

सिंह ने कहा कि बागवानों को खरीदारों और निर्यातकों से सीधे जोड़ने के लिए पहली बार चार जुलाई को लखनऊ के जन भवन में आम खरीदार-विक्रेता सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के अलावा मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के बागवानी विभागों के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान और निर्यातक भी हिस्सा लेंगे।

मंत्री ने बताया कि महोत्सव में प्रदर्शित आम के पौधे बिक्री के लिए भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने महोत्सव में आने वाले लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।

सिंह ने बताया कि बच्चों के लिए आम खाने की प्रतियोगिता, आम से बनने वाले व्यंजनों की प्रतियोगिता तथा खेती की आधुनिक तकनीक, फसल कटाई के बाद प्रबंधन, कीट और रोग नियंत्रण तथा विपणन पर कार्यशाला का आयोजन इस महोत्सव की मुख्य विशेषताएं होंगी।

सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा आम उत्पादक राज्य बना हुआ है, जहां 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आम की खेती होती है और सालाना पैदावार लगभग 61.96 लाख मीट्रिक टन है, जो भारत के कुल आम उत्पादन का लगभग 26.22 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज मंडल में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, गौरजीत, लखनऊ सफेदा, रतौल और आम्रपाली जैसी लोकप्रिय किस्मों की बड़े पैमाने पर खेती की जाती है।

मंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश से ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, न्यूजीलैंड, बेल्जियम, जापान, इटली, कतर और रूस जैसे देशों में आम निर्यात किया जाता है। उन्होंने कहा कि त्योहारी मौसम के दौरान भी निर्यात जारी रहने की उम्मीद है।