गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों स्पेन में पकड़ा गया, जल्द ही भारत लाया जाएगा

राष्ट्रीय
Spread the love

चंडीगढ़: चार जुलाई (ए)) कुख्यात गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों को स्पेन में पकड़ लिया गया है और जल्द ही उसे प्रत्यर्पित करा कर भारत लाया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, गोल्डी ढिल्लों हत्या, डकैती, हत्या के प्रयास, अपहरण, दंगा, जबरन वसूली और अवैध हथियारों की आपूर्ति सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है।

सूत्रों ने बताया कि यह सफलता पंजाब पुलिस के गैंगस्टर-रोधी कार्यबल (एजीटीएफ) और अन्य एजेंसियों के संयुक्त अभियान के बाद मिली।

ढिल्लों को हाल ही में चंडीगढ़ में एक दवा दुकान के कैशियर की हुई हत्या का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है।

तेरह जून को सेक्टर-11 में दिनदहाड़े दो नकाबपोश हमलावरों ने दवा दुकान के कैशियर जंकी दास (45) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, ढिल्लों वर्ष 2022 में भारत से फरार होकर पहले जर्मनी गया था और बाद में उसने अपना ठिकाना बदल लिया।

वह पूर्व में गोल्डी बराड़-लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का करीबी सहयोगी भी रह चुका है।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने ढिल्लों पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।