हरिद्वार: एक अगस्त (ए) उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में शनिवार को एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का लोहे का गर्डर गिरने से उसकी चपेट में आए उत्तर प्रदेश के दो कांवड़ियों की मृत्यु हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी ।
कांवड़ यात्रा के दौरान दो दिन में यह दूसरा हादसा है। बताया जा रहा है कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िया जब फ्लाईओवर के नीचे विश्राम कर रहे थे तो लोहे का गार्डर अचानक फिसलकर नीचे गिर गया. इससे दो कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसे को लेकर एसपी क्राइम हरिद्वार निशा यादव ने कहा कि लोहे के गार्डर के नीचे दो कांवड़ियों सो रहे थे. लोहे के गार्डर पर कुछ अन्य कांवड़िया चढ़े जिसके चलते वह स्लिप होकर गिर गया. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को जल्द से जल्द एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान 21 वर्षीय तनुज पुत्र महेश चंद्र निवासी छोटा हरिद्वार, जलालाबाद (थाना मुरादनगर) और 22 वर्षीय कृष्ण पुत्र मटरु निवासी शकूरपुर (थाना भोजपुर), जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है.