भाजपा विधायक ने सरकार के जनहित में काम नहीं करने पर पार्टी छोड़ने की धमकी दी

राष्ट्रीय
Spread the love

इंफाल: 14 अगस्त (ए) मणिपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक एल. सुसींद्रो मेइती ने शुक्रवार को कहा कि यदि राज्य सरकार लोगों के हितों के लिए काम नहीं करती है, तो उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

पूर्व मंत्री का यह बयान उनके द्वारा मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह पर परोक्ष रूप से निशाना साधने के कुछ सप्ताह बाद आया। उन्होंने दावा किया था कि फरवरी में राष्ट्रपति शासन हटाये जाने के बाद राज्य सरकार का प्रदर्शन कमजोर हुआ है और वह पार्टी छोड़ सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा अच्छी पार्टी है, लेकिन राज्य में पार्टी का नेतृत्व कर रहे लोगों को लेकर कुछ समस्याएं हैं। मेरे निर्वाचन क्षेत्र के लोगों ने मुझसे कहा है कि भाजपा के टिकट पर चुनाव न लड़ूं, बल्कि किसी अन्य पार्टी से या निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ूं, क्योंकि वे भाजपा को वोट नहीं देने का मन बना रहे हैं।’’

मणिपुर में अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है।

उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल मेरी भाजपा छोड़ने की कोई योजना नहीं है। हालांकि, अगर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार लोगों के हित में काम नहीं करती है, तो मुझे पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। यह स्पष्ट है।’’

राष्ट्रपति शासन लगाये जाने से पहले मेइती तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री थे। पिछले साल की शुरुआत में जातीय हिंसा से प्रभावित इस राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया गया था।

भाजपा विधायक ने इंफाल पूर्वी जिले में अपने निर्वाचन क्षेत्र खुरई में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मेरे लिए महत्वपूर्ण यह है कि मैं जनता के साथ रहूं और उनके लिए काम करूं।’’