15 हजार रुपये रिश्वत लेते महिला हेड कांस्टेबल गिरफ्तार : एसीबी अधिकारी

राष्ट्रीय
Spread the love

गुरुग्राम: 14 अगस्त (ए) हरियाणा के नूंह जिले के एक थाने में तैनात महिला हेड कांस्टेबल को दुष्कर्म के एक मामले से एक व्यक्ति का नाम हटाने के एवज में कथित तौर पर 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार, 10 अगस्त को थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था, जिसकी जांच हेड कांस्टेबल प्रियंका कर रही थीं।बताया जा रहा है कि इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी बनाया जा रहा था।आरोप है कि प्रियंका ने उस व्यक्ति का नाम केस से हटाने के एवज में 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। आरोपी बनाए जा रहे व्यक्ति की पत्नी ने पहले पांच हजार रुपये हेड कांस्टेबल प्रियंका को दे दिए थे। बाद में शेष राशि 15 हजार की मांग की जा रही थी। इसके बाद आरोपी बनाए जा रहे व्यक्ति की पत्नी ने एंटी करप्शन ब्यूरो फरीदाबाद की टीम को शिकायत दी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के तहत, शिकायतकर्ता महिला 15 हजार रुपए लेकर तावडू सदर थाने पहुंची।जैसे ही हेड कांस्टेबल प्रियंका ने महिला से 15 हजार रुपए लिए, एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश दी और प्रियंका को रिश्वत की रकम सहित रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।