रायपुर: 15 अगस्त (ए) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्वत मामले में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के एक वरिष्ठ अधिकारी और उसके कथित सहयोगी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सीबीआई के अनुसार, इसके बाद रायपुर और भिलाई में आरोपी अधिकारी के आवासीय और कार्यालय परिसरों की तलाशी ली गई जिसमें करीब 77 लाख रुपये नकद और लगभग 14 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए गए।जांच एजेंसी ने बताया कि आरोपी अधिकारी ने एक शिकायतकर्ता से लंबित बिलों के भुगतान को मंजूरी देने के लिए कथित रूप से दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में वह एक लाख रुपये लेने के लिए सहमत हो गया था।सीबीआई ने बताया कि 13 अगस्त को अधिकारी को कथित तौर पर बिचौलिए के माध्यम से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये लेते समय गिरफ्तार किया गया था।
एजेंसी के अनुसार, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के भिलाई में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीएमई) के पद पर तैनात भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा (आईआरएसएमई) के अधिकारी अनमोल उके को 14 अगस्त को उसके कथित बिचौलिए के साथ गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई ने एक बयान में कहा कि इसके बाद रायपुर और भिलाई स्थित आरोपी अधिकारी के आवासीय और कार्यालय परिसरों में तलाशी ली गई, जहां से करीब 77 लाख रुपये नकद और 14 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद हुए।
सीबीआई ने बताया कि अदालत ने अनमोल उके और उसके कथित सहयोगी को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।जांच एजेंसी ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
