होटल में आग लगने से सात लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

राष्ट्रीय
Spread the love

तारापीठ (बंगाल): 17 अगस्त (ए) पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में सोमवार तड़के एक होटल में आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

होटल में ठहरे कई अतिथि श्रद्धालु थे, जो पवित्र श्रावण महीने के आखिरी सोमवार को पूजा-अर्चना करने के लिए तारापीठ मंदिर नगरी आए थे। यहां के प्रसिद्ध काली मंदिर में भगवान शिव को समर्पित एक मंदिर भी है। पुलिस ने बताया कि आग सुबह करीब पांच बजे तारापीठ मंदिर नगरी स्थित चार मंजिला एक होटल के भूतल पर लगी। उस समय होटल में ठहरे ज्यादातर अतिथि सो रहे थे।

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया।

घायलों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल के सूत्रों ने शुरुआत में बताया था कि आग की घटना में पांच लोगों की मौत हुई है। हालांकि, बाद में पुलिस ने सात लोगों की मौत होने की जानकारी दी।

होटल अधिकारियों ने दावा किया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।आग से बच निकलने में कामयाब हुई कोलकाता की एक महिला ने होटल के अंदर मची अफरा-तफरी को याद करते हुए बताया, ‘‘अचानक पूरा होटल धुएं से भर गया। हम सांस नहीं ले पा रहे थे और बाहर निकलने का रास्ता ढूंढना मुश्किल हो रहा था।’’ अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कुछ श्रद्धालु भी थे, जो प्रसिद्ध काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए इस शहर में आए थे।