लातूर (महाराष्ट्र): 22 अगस्त (ए) पुलिस ने सरकारी स्कूल में बिना अनुमति प्रवेश करने, सरकारी कामकाज में बाधा डालने और शिक्षकों को धमकाने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संयोजक अभिजीत दीपके और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राथमिकी औसा थाने में जिला परिषद उर्दू स्कूल की शिक्षिका (53) सैयद शमशादबानो खैराताली की शिकायत पर दर्ज की गई।दीपके इन दिनों लातूर जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों का दौरा कर वहां की समस्याओं को सामने लाने के लिए सीजेपी का ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में औसा के निकट जावली स्थित जिला परिषद उर्दू स्कूल में कथित तौर पर यह घटना हुई।शिकायत के अनुसार, दीपके अपने साथियों के साथ बिना अनुमति स्कूल परिसर में दाखिल हुए और विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे विभिन्न सवाल पूछने लगे। इससे स्कूल के शैक्षणिक कार्य और सरकारी कामकाज में व्यवधान उत्पन्न हुआ। आरोप है कि दीपके ने इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर साझा किया।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दीपके ने स्कूल को बदनाम करने की कोशिश की। उन्होंने कथित तौर पर दावा किया कि उनके दौरे के दौरान किसी दूसरे स्कूल के विद्यार्थियों को लाकर कक्षाओं में बैठाया गया था। इसके अलावा शिक्षकों को निलंबित कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
