नीट की तैयारी कर रही अभ्यर्थी के यौन उत्पीड़न के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई: 27 अगस्त (ए) मुंबई में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) की तैयारी कर रही 17 वर्षीय एक छात्रा का यौन उत्पीड़न और उससे छेड़छाड़ करने के आरोप में एक कोचिंग सेंटर के 33 वर्षीय एक शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

शाहू नगर पुलिस थाने के अधिकारी के अनुसार, आरोपी जून में कोचिंग सेंटर की एक कक्षा में छात्रा को अकेले पढ़ते देख उसके पास पहुंचा और उसके बाद से उसने उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि शिक्षक ने छात्रा पर प्रेम संबंध बनाने का कथित तौर पर दबाव डाला, उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा, उसका हाथ पकड़ लिया और उसके साथ अनुचित व्यवहार किया जिससे घबरा कर छात्रा वहां से भाग गई।

अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने छात्रा का उत्पीड़न जारी रखा और इस महीने कोचिंग कक्षा में छात्रा के साथ फिर से अनुचित शारीरिक हरकत करने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से परेशान छात्रा ने आखिरकार अपने माता-पिता को इस बारे में बताया, जिसके बाद शाहू नगर पुलिस थाने में मामले की शिकायत की गई।

पुलिस ने किशोरी के बयान के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के साथ-साथ लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के कड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।