उप्र में मेरठ जेल के बाहर रील बनाने वाले युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश मेरठ
Spread the love

मेरठ: 12 सितंबर (ए) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिला कारगार के बाहर कुछ युवकों द्वारा बनाई गई रील सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया।उन्होंने बताया कि वीडियो में चार-पांच युवक जेल की दीवार के सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं और पृष्ठभूमि में जेल के अंदर-बाहर होने का जिक्र करने वाला गाना बज रहा है।

अधिकारी ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है।

भोसले ने बताया कि इस तरह की रील बनाकर दहशत या भय का माहौल बनाने का प्रयास करना गैरकानूनी है।

उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो किस उद्देश्य से बनाया गया और इसमें शामिल युवकों की मंशा क्या थी।

अधिकारी ने बताया कि जांच में जो भी लोग वीडियो बनाने या इसमें शामिल होने के लिए जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।