रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन पर बधाई दी

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

मॉस्को: 17 सितंबर (ए) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर बधाई दी और भारत-रूस के बीच ‘‘विशेष’’ साझेदारी को मजबूत करने में उनके ‘‘व्यक्तिगत योगदान’’ की सराहना की।

प्रधानमंत्री मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था।

राष्ट्रपति पुतिन ने मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और ‘‘वैश्विक मंच पर उनके व्यापक प्रभाव’’ की प्रशंसा की।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय एवं आवास ‘क्रेमलिन’ की वेबसाइट पर जारी एक संदेश में पुतिन ने कहा, ‘‘आपको अपने देशवासियों से अत्यधिक सम्मान और वैश्विक मंच पर बड़ा रुतबा हासिल है। भारत और रूस के बीच विशेष तथा विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में आपके व्यक्तिगत योगदान को जितना भी सराहा जाए, कम है।’’

पुतिन, जो हाल में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए थे, ने अपनी यात्रा के दौरान किये गए स्वागत के लिए मोदी का शुक्रिया अदा किया। पुतिन 11 से 13 सितंबर तक, तीन दिन के लिए नयी दिल्ली आए थे।

संदेश में कहा गया, ‘‘पिछले हफ्ते नयी दिल्ली की यात्रा के दौरान मेरा और रूसी प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी भरा और दोस्ताना स्वागत तथा मेहमाननवाजी के लिए मैं अपना आभार व्यक्त करता हूं।’’

पुतिन ने संदेश में कहा, ‘‘हमारी वार्ता निस्संदेह ठोस, स्पष्ट और सार्थक रही। हमेशा की तरह, आपसे बात करके बहुत खुशी हुई और हमारी (बैठक के दौरान हुई) चर्चा ने एक बार फिर आपकी असाधारण राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता को साबित किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम निश्चित रूप से अपने मित्र देशों के लाभ के लिए महत्वपूर्ण द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपना रचनात्मक सहयोग जारी रखेंगे।’’

शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन के साथ कई अहम मुद्दों पर वार्ता की। इसमें 2030 तक सालाना द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाने तथा रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और उर्वरक आपूर्ति जैसे क्षेत्रों में मौजूदा सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

यह बैठक पुतिन के नयी दिल्ली पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद हुई, जो ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए तीन दिन के दौरे पर आए थे।