महिला का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, पुलिस में शिकायत

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: 17 सितंबर (ए) हरिद्वार में हर की पौड़ी में डुबकी लगा रही राजस्थान की एक महिला के वीडियो को कृत्रिम मेधा (एआई) के जरिये संपादित करके आपत्तिजनक वीडियो तैयार करने और फिर इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की है जिसके बाद पुलिस कार्रवाई कर रही है।

महिला का आरोप है कि उसकी सही (शालीन) वीडियो क्लिप को किसी ने एआई की मदद से आपत्तिजनक (अश्लील) बनाकर साझा किया है।मामले को लेकर महिला ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटवाने की मांग की है। महिला ने खुद एक वीडियो जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी है। शिकायत करने वाली महिला की पहचान सोनम यादव के रूप में बताई जा रही है। वह राजस्थान के भिवाड़ी से अपने परिवार के साथ हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए आई थीं।सोनम यादव ने हरिद्वार यात्रा के दौरान गंगा स्नान का अपना सामान्य वीडियो सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने उनके वीडियो को डाउनलोड कर उसमें डिजिटल तकनीक और AI की मदद से छेड़छाड़ की।

महिला का आरोप है कि एडिट किए गए वीडियो को इस तरह तैयार किया गया कि उसमें उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया गया।वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद महिला ने पुलिस से संपर्क किया और मामले में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने राजस्थान पुलिस से भी आरोपियों का जल्द पता लगाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है।