महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने, वीडियो बनाने के आरोप में स्वयंभू बाबा गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

सलेम (तमिलनाडु): 20 सितंबर (ए) तंत्र-मंत्र की क्रियाएं करने का दावा कर लोगों को ठगने वाले एक स्वयंभू बाबा को महिलाओं और नाबालिग लड़कियों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने, उनके अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें (वीडियो क्लिप को) बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान विजयराजा (50) के रूप में हुई है। वह यहां के पास वाझापाड़ी में तंत्र-मंत्र से जुड़ा केंद्र चलाता था और अनुष्ठान के बहाने गुप्त रूप से महिलाओं और नाबालिग लड़कियों का वीडियो बनाता था। पुलिस ने बताया कि वह इन वीडियो को डार्क वेब के जरिये प्रसारित करता था।

विनायक चतुर्थी के लिए एक स्कूली छात्रा चंदा लेने के लिए इस केंद्र पर आई थी।आरोप है कि विजयराजा ने उससे छेड़छाड़ की। छात्रा किसी तरह भागकर घर पहुंची। इसके बाद परिजनों ने कथित बाबा के केंद्र पर हमला कर दिया और आरोपी को पुलिस को सौंप दिया।अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान मौके से एक लैपटॉप, मोबाइल और डिजिटल स्टोरेज डिवाइस मिले। इनमें 50 से अधिक अश्लील वीडियो मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह महिलाओं और लड़कियों को प्रसाद या पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर देता था। इसके बाद वह छिपे हुए कैमरों से अश्लील वीडियो बनाता और यौन उत्पीड़न करता था। उसने बताया कि वह ये वीडियो ऑनलाइन पोर्टलों को बेच देता था। पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य नेटवर्क की जांच की जा रही है