लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर अस्पताल मालिक से 20 करोड़ रु की रंगदारी मांगी, मामला दर्ज

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: पांच नवंबर (ए) दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के निहाल विहार स्थित एक निजी अस्पताल के मालिक को जान से मारने की धमकी देकर 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अस्पताल के मालिक शिकायतकर्ता शकील सैफी को तीन नवंबर को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से सोशल मीडिया के जरिए रंगदारी की मांग की गई थी। फोन करने वाले ने, जिसने अपना नाम अनिल पंडित बताया, दावा किया कि उसने पूरी रेकी (निगरानी) कर ली है। उसने सैफी को पैसे का इंतजाम करने के लिए 24 घंटे का समय दिया और चेतावनी दी कि अगर मांग पूरी नहीं की गई, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

सैफी ने पुलिस को यह भी बताया कि एक दिन पहले, 2 नवंबर को, उसे उसी नंबर से एक धमकी भरा वॉयस मैसेज मिला था।निहाल विहार पुलिस स्टेशन में एक FIR दर्ज की गई है और आगे की जांच चल रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस धमकी की कई पहलुओं से जांच कर रही है, जिसमें कॉलर की पहचान, किसी गिरोह से कथित संबंध और जबरन वसूली की मांग के पीछे का मकसद शामिल है।