संपत्ति विवाद में बड़े भाई की हत्या

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर, 29 सितंबर (ए) जयपुर में मंगलवार सुबह संपत्ति विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने बड़े भाई पर चाकू से हमला कर कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे बनीपार्क थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान श्याम बगानी (65) के रूप में हुई है।

बनीपार्क थाना प्रभारी सुरेश यादव ने बताया कि श्याम बगानी मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। घर के बाहर पहुंचते ही उनके छोटे भाई मुरली बगानी (58) ने उन पर लाठी से हमला कर दिया और बाद में चाकू से वार किए।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल श्याम बगानी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद था।

यादव ने बताया कि आरोपी पहले अमेरिका के बेलीज सिटी में किराने की दुकान संचालित करता था। कारोबार में घाटा होने के बाद वह सात-आठ महीने पहले जयपुर लौट आया था। उसकी पत्नी और बच्चे अब भी अमेरिका में रहते हैं।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।