पुणे: 15 नवंबर (ए) महाराष्ट्र के पुणे से असम के गुवाहाटी जा रहा इंडिगो का एक विमान रविवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लैंडिंग गियर में खराबी आने के कारण पुणे हवाई अड्डे पर लौट आया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित हैं।
उड़ान संख्या 6ई 623 (वीटी-आईजेडई) के पायलट द्वारा तकनीकी खराबी की सूचना दिए जाने के बाद हवाई अड्डा प्रशासन और भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने ‘पूर्ण आपात स्थिति’ घोषित कर दी, जिसके बाद दमकल और चिकित्सा दलों को तत्काल तैनात किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि विमान हवाई पट्टी के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ान भरने के बाद सुबह नौ बजकर चार मिनट पर सुरक्षित उतर आया।
पुणे हवाई अड्डा प्राधिकरण ने एक बयान में बताया कि पायलट ने हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) को सूचित किया कि विमान का लैंडिंग गियर (पहिए) अंदर नहीं जा पा रहा है और बाहर ही रह गया है।
सूचना मिलते ही पुणे हवाई अड्डा प्राधिकरण ने एटीसी, इंडिगो और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ तत्काल समन्वय किया।
अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे का प्रबंधन करने वाली भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने ‘पूर्ण आपात स्थिति’ घोषित कर दी, जिसके बाद आपात स्थिति से निपटने के लिए निर्धारित सभी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गईं।
हवाई अड्डा प्राधिकरण के बयान के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति से निपटने और यात्रियों तथा चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दमकल सेवाओं, एंबुलेंस व अन्य आपात बचाव दलों को सतर्क कर दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि एहतियाती उपाय के तहत विमान ने रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ान भरी, ताकि उसके लैंडिंग गियर की स्थिति का दृश्य निरीक्षण किया जा सके।
विमान के उतरने के बाद निर्धारित आपात प्रक्रिया के तहत दमकल की तीन गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर सात तक ले जाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि विमान की स्थिति सुरक्षित और सामान्य पाए जाने के बाद हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) ने सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर पूर्ण आपात स्थिति वापस ले ली।
उन्होंने बताया कि इसके बाद विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बयान के मुताबिक, “विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित सभी 192 लोग सुरक्षित हैं तथा किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।”
इस बीच, इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से एक वैकल्पिक विमान पुणे भेजने की व्यवस्था की।
विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा कि पुणे से गुवाहाटी जा रहा विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का पता चलने पर पुणे लौटकर हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतर गया।
इंडिगो ने बताया कि मानक संचालन प्रक्रिया के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल इसकी सूचना दी गई।
कंपनी ने बताया कि विमान की तकनीकी जांच और रखरखाव का काम किया जा रहा है तथा आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही विमान दोबारा उड़ान भरेगा।
