नयी दिल्ली: 5 अक्टूबर (ए) दिल्ली पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से कथित रूप से ठगी करने वाले दो कॉल सेंटर का भंड़ाफोड़ करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ये दोनों कॉल सेंटर रंजीत नगर स्थित एक इमारत से चलाए जा रहे थे और अलग-अलग छापेमारी में इनका भंडाफोड़ किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने ऑनलाइन भर्ती मंचों से नौकरी के इच्छुक लोगों के व्यक्तिगत डेटा और संपर्क विवरण प्राप्त किए तथा फिर उन्हें फोन कर निशाना बनाया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पीड़ितों को आकर्षक नौकरी की पेशकश करते और विभिन्न बहानों से उनसे पैसे लेते।
उनके मुताबिक, पैसे मिलने के बाद, आरोपी कुछ दिनों तक पीड़ितों से बातचीत करते और फिर उनसे संपर्क बंद कर देते।
पुलिस ने बताया कि तीन अक्टूबर को शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत से संदिग्ध ‘प्लेसमेंट कॉल सेंटर’ की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने परिसर पर छापेमारी की।
पुलिस ने बताया कि परिसर में चार महिलाओं सहित छह लोग मिले और उन्हें सत्यापन के लिए पकड़ लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान, पुलिस को कंप्यूटर, कॉलिंग एप्लिकेशन और डिजिटल सामग्री मिली। इस सामग्री का उपयोग नौकरी के इच्छुक लोगों से संपर्क करने के लिए किया जाता था।
उन्होंने बताया कि एक अन्य अभियान में, पुलिस ने विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर उसी इमारत में एक अन्य संदिग्ध ‘प्लेसमेंट कॉल सेंटर’ पर छापेमारी की।
पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान पांच लोग मिले जिन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि ‘प्लेसमेंट कॉल सेंटर’ चलाने के संबंध में वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए।
पुलिस ने बताया कि परिसर में मौजूद कंप्यूटरों में इंटरनेट आधारित वीओआईपी कॉलिंग सॉफ्टवेयर और नौकरी के इच्छुक लोगों का डेटा मिला।
पुलिस ने दोनों परिसरों से 13 कंप्यूटर, पांच मोबाइल फोन, कॉलिंग सॉफ्टवेयर, नौकरी के इच्छुक लोगों का डेटा, संचार विवरण और डिजिटल एवं वित्तीय साक्ष्य जब्त किए हैं।
