रक्षा सचिव सिंह ने द्विपक्षीय रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एडमिरल पापरो से मुलाकात की

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, छह अक्टूबर (ए) रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अमेरिकी प्रशांत कमान के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे. पापारो से मुलाकात की और दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान किया। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एडमिरल पापारो अभी भारत के दौरे पर हैं।

इससे पहले अमेरिकी दूतावास ने एक बयान में कहा था कि अमेरिकी प्रशांत कमान के कमांडर तीन से आठ अक्टूबर तक भारत की यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत-अमेरिका प्रमुख रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाना और दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को और मजबूत करना है।

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने भारत यात्रा पर आए अमेरिकी प्रशांत कमान के कमांडर एडमिरल सैमुअल पापारो से मुलाकात की। बैठक में दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’

मंत्रालय ने बैठक की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।

दूतावास ने कहा कि यात्रा के दौरान एडमिरल पापारो भारतीय समकक्षों के साथ साझा सुरक्षा प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे। इनमें डिजिटल बदलाव और उभरती प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल, क्षेत्रीय रणनीतिक स्थिरता बनाए रखना, रक्षा क्षेत्र में ऊर्जा संबंधी क्षमता मजबूत करना और लगातार प्रतिस्पर्धी होते प्रौद्योगिकी परिदृश्य से निपटना शामिल है।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को एक्स पर कहा, ‘‘भारत में एडमिरल सैमुअल पापारो की मेजबानी करना सम्मान की बात है। अमेरिका के सबसे अहम सैन्य अधिकारियों में से एक, एडमिरल पापारो अमेरिकी प्रशांत कमान संभालते हैं। यह देश की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी भौगोलिक कॉम्बैटेंट कमांड है, जो दुनिया के लगभग आधे हिस्से में फैले क्षेत्र में करीब चार लाख सैन्य और नागरिक कर्मियों की देखरेख करती है।