अमृतसर: छह अक्टूबर (ए) पंजाब के तरन तारन जिले में मंगलवार को एक गांव के सरपंच की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि सरपंच राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़े थे। वारदात उस समय हुई जब सरपंच अपनी इनोवा कार में सवार होकर दाना मंडी टूट स्थित अपनी आढ़त की दुकान की ओर जा रहे थे। टूट बस स्टैंड के पास बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले के बाद दोनों आरोपी बाइक पर फरार हो गए। फायरिंग में सरपंच को तीन गोलियां लगीं, जबकि उनके साथ मौजूद ड्राइवर चमकौर सिंह भी गोलियों के छर्रे लगने से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तुरंत पट्टी सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अश्वनी कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल ड्राइवर का उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी है. अधिकारी हमलावरों की पहचान करने और हत्या के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. इस सनसनीखेज हत्या से इलाके में दहशत और तनाव फैल गया है.
