पटना: आठ अक्टूबर (ए) बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने बृहस्पतिवार को पटना में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव और कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया।
विरोध प्रदर्शन के लिए रैली बिहार विधानसभा परिसर के सामने स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई और बिहार लोक भवन की ओर बढ़ रही थी। हालांकि, पुलिस ने पटना स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के पास रेली को रोक दिया.पुलिस के अनुसार, तेजस्वी यादव और कई अन्य नेताओं ने बैरिकेड पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए जाने के दौरान पुलिस वाहन में सवार तेजस्वी यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें राज्यपाल से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वे लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं।’’
तेजस्वी यादव को जिस पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था, उस पर राजद के कई नेता चढ़ गए।
