काठमांडू: आठ अक्टूबर (ए) पश्चिमी नेपाल में 4.1 तीव्रता का मध्यम भूकंप आया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, भूकंप बुधवार रात स्थानीय समयानुसार नौ बजकर 37 मिनट पर आया। इसका केंद्र सुदूरपश्चिम प्रांत के बाजुरा जिले की बुधिगंगा नगरपालिका-10 में था, जो काठमांडू से करीब 750 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।
भूकंप के झटके पड़ोसी बाजहांग, कालिकोट और अछाम जिलों में भी महसूस किए गए। अभी तक भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
नेपाल में हर साल कई बार भूकंप आते हैं। हिमालयी देश नेपाल सबसे सक्रिय टेक्टोनिक क्षेत्रों (भूकंपीय क्षेत्र चार और पांच) में से एक में स्थित है, जिसके कारण यहां भूकंप का खतरा बहुत अधिक रहता है।
