इस्लामाबाद: 13 अक्टूबर (ए) पाकिस्तान ने मंगलवार को हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल ‘फतह-2 एक्सटेंडेड रेंज’ (ईआर) का सफल परीक्षण किया।
सेना ने बताया कि यह मिसाइल लंबी दूरी के लक्ष्यों को अत्यधिक सटीकता से निशाना बनाने में सक्षम है। सेना के अनुसार, इस हथियार प्रणाली में उन्नत नौवहन प्रणाली और अत्याधुनिक एवियोनिक्स लगाए गए हैं।
सेना ने एक बयान में कहा, ‘‘अपनी विशिष्ट प्रक्षेपवक्र और दिशा बदलने की क्षमता के कारण यह मिसाइल अत्यधिक सटीकता से लक्ष्यों को निशाना बनाने और दुश्मन की मिसाइल रक्षा प्रणालियों को भेदने में सक्षम है।’’
बयान में कहा गया कि फतह-2 ईआर की मारक क्षमता बढ़ाए जाने से सेना की पहुंच और दुश्मन के दूर स्थित ठिकानों को निशाना बनाने की क्षमता में और वृद्धि होगी।
इस मिसाइल के परीक्षण को सेना की रॉकेट फोर्स कमान के कमांडर, पाकिस्तान सेना के वरिष्ठ अधिकारियों तथा वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने देखा।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख एवं रक्षा बलों के प्रमुख आसिम मुनीर और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने विस्तारित मारक क्षमता वाले फतह-2 हथियार प्रणाली के सफल परीक्षण पर वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी।
पिछले सप्ताह पाकिस्तान ने फतह-4 जमीन से प्रक्षेपित होने वाली क्रूज मिसाइल के विस्तारित संस्करण का परीक्षण किया था।
