लंदन: 13 अक्टूबर (एपी) ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी ‘एमआई5’ के प्रमुख ने कहा है कि ईरान ब्रिटेन में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है और सितंबर में अमेरिका के संचालन वाले एक सैन्य हवाई अड्डे पर हमले की कथित साजिश कोई अकेली घटना नहीं है।
खुफिया एजेंसी के प्रमुख केन मैक्कलम ने कहा कि ईरान ब्रिटेन में अपने हमले तेज करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब उसका निशाना ईरान के इस्लामी शासन का विरोध करने वाले ईरानी लोगों तक सीमित नहीं रह गया है। ब्रिटेन के अनुसार, ईरान के इशारे पर काम करने वाले लोगों ने यहूदी स्थलों पर आगजनी और तोड़फोड़ के हमले भी किए हैं। मैक्कलम ने कहा, ‘‘इस साल एक बड़ा बदलाव यह भी रहा है कि ईरान अब सैन्य ठिकानों जैसे अधिक सुरक्षित ठिकानों को निशाना बनाने की महत्वाकांक्षा रखता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सैन्य अड्डे आरएएफ फेयरफोर्ड को निशाना बनाने की घटना कोई अकेला मामला नहीं है। ब्रिटेन ही नहीं, बल्कि दुनिया के अन्य हिस्सों में भी ऐसे मामले सामने आए हैं।’’