टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामला: हरियाणा से गिरफ्तार तीन आरोपी 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजे गए

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई: 23 अक्टूबर (ए) अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में कथित संलिप्तता को लेकर हरियाणा से गिरफ्तार तीन लोगों को शुक्रवार को यहां की एक अदालत ने 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

जांचकर्ताओं ने इलाके का टोह लेने और हथियारों की आपूर्ति में उनकी अहम भूमिका का हवाला दिया।अंकित खट्टर, समीर खत्री और जतिन पांचाल को 21 अक्टूबर को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया गया था। उन पर 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की साजिश में शामिल होने का आरोप है। इस हमले में अभिनेता बाल-बाल बच गए थे, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए थे।

खट्टर, खत्री और पांचाल को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया और अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डी एस खेडकर के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, तीनों साजिश के विभिन्न पहलुओं में शामिल थे, जिनमें साजो-सामान की व्यवस्था करना, धन का लेनदेन और हथियारों की खरीद शामिल है।

इसने अदालत को बताया कि अंकित खट्टर ने घटनास्थल की टोह ली थी और इसकी जानकारी उन सह-आरोपियों को दी थी, जिन्होंने गोलीबारी की थी।

पुलिस ने अदालत से कहा कि खट्टर ने उन सह-आरोपियों को अपराध करने के बाद सीमा पार करने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी थी जिन्हें पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

इसने कहा कि जतिन पांचाल और समीर खत्री वांछित आरोपी अनिल पंडित के संपर्क में थे तथा उन्होंने हथियार हासिल करने में भूमिका निभाई थी।

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित तौर पर जुड़े और अमेरिका में रह रहे 32 वर्षीय अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए 18 अक्टूबर को अभिनेता पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी।

मुंबई पुलिस ने हत्या के प्रयास और अन्य अपराधों के आरोप में भारतीय न्याय संहिता एवं शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब तक इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।