पेरी (अमेरिका): 25 अक्टूबर (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की कि जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी ऑडी अमेरिकी राज्य जॉर्जिया में एक नया कारखाना स्थापित करेगी। कंपनी इस परियोजना पर 4.2 अरब डॉलर का निवेश करेगी और इससे करीब 4,500 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। मध्यावधि चुनाव से पहले इसे ट्रंप के अमेरिका में विनिर्माण को मजबूत करने के वादे को पूरा करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।ट्रंप ने जॉर्जिया के पेरी में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि फॉक्सवैगन समूह के स्वामित्व वाली ऑडी मैकॉन के निकट यह कारखाना लगाएगी। प्रस्तावित संयंत्र में सालाना दो लाख कार का उत्पादन किया जाएगा।
ट्रंप ने कहा, “जरा सोचिए, सालाना दो लाख कार। यह अविश्वसनीय है।” उन्होंने इस निवेश का श्रेय अपनी शुल्क नीति को दिया। हालांकि, उनकी आक्रामक शुल्क नीति को लेकर अमेरिका में आलोचना भी होती रही है।
इस अवसर पर ऑडी के प्रबंधन बोर्ड के चेयरमैन गर्नोट डॉलनर भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि नए संयंत्र में कंपनी की सबसे बड़ी और सबसे महंगी स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) का उत्पादन होगा।
डॉलनर ने कहा, “यह दीर्घकालिक निवेश है, क्योंकि हमें अमेरिकी बाजार पर भरोसा है।”
ऑडी ने एक बयान में कहा कि जॉर्जिया में लगने वाला यह उसका पहला कारखाना होगा। कंपनी के अनुसार, इसमें निर्माण कार्य 2027 में शुरू होने करने की योजना है, जबकि उत्पादन 2030 के शुरुआती वर्षों में शुरू होने की उम्मीद है। इस परियोजना से लगभग 4,500 रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
