ज्ञानेश कुमार पद से हटेंगे और जेल जाएंगे, मोदी-शाह के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई : राहुल

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: एक नवंबर (ए) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र सरकार तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला और कहा कि ‘‘देशद्रोह’’ के लिए कुमार अपने पद से हटेंगे और जेल जाएंगे तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा।

दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और शाह के सामने खड़ा होगा। राहुल ने कहा कि गांधीजी ने कहा था कि पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति की आवाज सबसे अहम है। चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम हो, दलित हो, महिला हो, विकलांग हो, जो भी हो, हमें सबकी आवाज की रक्षा करनी है। मोदी जी ने और शाह ने देश में नफरत फैला दी है और इससे देश को नुकसान हो रहा है। यह भीड़ चिल्ला रही है, हमें मोहब्बत चाहिए, भाईचारा चाहिए। हम यही कर के दिखाएंगे। यह प्रदर्शन किसी एक पार्टी का या एक नेता का नहीं है। इसमें सब शामिल हैं। यह हिंदुस्तान की आवाज है। यह हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की आवाज है, संविधान को बचाने की आवाज है। उन्होंने दावा किया कि देश में कई सालों से वोट चोरी हो रही है। राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को भी गैरकानूनी बताया और आरोप लगाया कि ईवीएम के जरिए वोटों की चोरी की गई। उन्होंने हरियाणा, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में भी वोट चोरी होने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जेल भेजा जाएगा।रामलीला मैदान में अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने रैली में पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक पार्टी या नेता की आवाज नहीं है, बल्कि देश के युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज है। उन्होंने कहा, “लाखों लोग यहां चलकर आए, एक साथ चलकर आए। दिल से आपका धन्यवाद करता हूं। आपने देश को एक मैसेज भेजना था, नरेंद्र मोदी को, अमित शाह को, ज्ञानेश कुमार को मैसेज भेजना था, आपने मैसेज भेजा है। ये किसी एक राजनीतिक पार्टी की आवाज नहीं है। ये सिर्फ नेताओं की आवाज नहीं है। ये हिंदुस्तान के युवाओं की आवाज है, हिंदुस्तान के किसानों की आवाज है, मजदूरों की आवाज है और ये आवाज कह रही है कि हम लोकतंत्र को हिंदुस्तान में खत्म नहीं होने देंगे। हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे।”

राहुल गांधी ने आगे कहा कि कई सालों से वोट चोरी हो रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी बंगाल का उदाहरण दिया है। राहुल ने आरोप लगाया कि ईवीएम और मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाकर वोटों की चोरी की गई है।