भदोही: एक नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गेराई पावर हाउस के पास रविवार तड़के एक ऑक्सीजन टैंकर के सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा जाने की दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हादसा गोपीगंज थाना क्षेत्र में हुआ।गोपीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि खड़े टैंकर के चालक नूर मोहम्मद (38) ने प्रयागराज से वाराणसी जाते समय तकनीकी खराबी आने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया था।
उन्होंने बताया कि नूर सड़क पर बैठकर टैंकर के पिछले हिस्से की जांच कर रहा था, तभी प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहा तेज रफ्तार ऑक्सीजन टैंकर खड़े टैंकर से टकरा गया।अधिकारी ने बताया कि टैंकर से कुचलकर नूर मोहम्मद की मौत हो गई, जबकि ऑक्सीजन टैंकर के चालक राम प्रीत यादव (55) ने भी हादसे में दम तोड़ दिया।
पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दोनों टैंकरों को वहां से हटाया।उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, नूर मोहम्मद हरियाणा के नूंह जिले के पुनहाना थाना क्षेत्र का निवासी था, जबकि यादव उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
