सुरक्षा चिंताओं के बीच सऊदी अरब के लिए भारत की उड़ानों में व्यवधान जारी

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

दुबई: एक नवंबर (ए) भारत और सऊदी अरब के बीच उड़ानों में व्यवधान अभी जारी हैं। खाड़ी देश में मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए, अकासा एयर ने रविवार को जेद्दा के लिए अपनी सेवाओं के निलंबन को 18 नवंबर तक बढ़ा दिया है। एयरलाइन ने बताया कि रियाद आने-जाने वाली उड़ानें 30 नवंबर तक निलंबित रहेंगी।

यह घोषणा तब हुई, जब दो दिन पहले ही एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा था कि जेद्दा, रियाद और दम्मम के लिए उनकी उड़ानें 14 नवंबर तक निलंबित रहेंगी। सऊदी अरब में हवाई अड्डों सहित आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमलों के बीच नियमित उड़ानों में व्यवधान जारी हैं।

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने 22 अक्टूबर को जारी एक बयान में बताया कि 21 अक्टूबर को दम्मम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। इसके अलावा, पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक और भारतीय नागरिक घायल हो गया।

दूतावास ने कहा कि वह सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीयों को हर संभव सहायता प्रदान करेगा।

इससे पहले, भारत ने रियाद में आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमलों की निंदा की थी और कहा था कि नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है।

जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने प्रभावित भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से उमरा तीर्थयात्रियों की मदद करने और यात्रा के वैकल्पिक इंतजाम करने के लिए एयरलाइनों, स्थानीय अधिकारियों और सामुदायिक संगठनों के साथ समन्वय किया है।

हाल की घोषणाओं के अनुसार, एअर इंडिया, एअर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो ने 14 नवंबर तक सऊदी अरब के कई गंतव्यों के लिए अपनी सेवाएं निलंबित कर दी हैं। वहीं, अकासा एयर ने जेद्दा के लिए 18 नवंबर तक और रियाद के लिए 30 नवंबर तक अपनी सेवाएं निलंबित रखी हैं।

सऊदी एयरलाइंस हालांकि भारत के लिए कुछ उड़ानें संचालित करना जारी रखे हुए हैं।