नयी दिल्ली, दो नवंबर (ए) दिल्ली पुलिस ने माया गिरोह के दो कथित आदतन झपटमारों और चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत एक मामले में वांछित था। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान मोहम्मद उमर अंसारी (23) और सुमित बेनीवाल (23) के रूप में हुई है, जिन्हें 25 अक्टूबर को मदनपुर खादर में गश्त के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिल पर सवार थे, जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया और मोटरसाइकिल संतुलन बिगड़ने पर फिसल गई, जिसके बाद दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कहा कि अंसारी माया गिरोह का सदस्य है और इस साल मई में दर्ज मकोका मामले में वांछित था।
