सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: तीन नवंबर (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भगवान श्रीराम के पिता के बारे में कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर मंगलवार को आपत्ति जताई और उनके सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की।

यादव ने कथावाचक की भगवान श्रीकृष्ण के बाद भगवान श्रीराम के पिता के बारे में की गई टिप्पणी का वीडियो मंगलवार को “एक्स” पर साझा करते हुए सवाल किया, “यह सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है।”

बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर का नाम लिए बिना उन्होंने लिखा, “पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे में अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है।”

यादव ने दो टूक कहा , “इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा “सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।”

इससे पहले सोमवार को यादव ने भगवान कृष्ण पर कथित विवादित टिप्पणी को लेकर शास्त्री के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग करते हुए कहा था कि इस मामले पर उच्चतम स्तर पर संज्ञान लिया जाना चाहिए।

शास्त्री ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में राम कथा के दौरान कथित तौर पर भगवान कृष्ण की तुलना भगवान राम से करते हुए राम को बेहतर बताया था। कथित टिप्पणियों का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।